देश की खबरें | कांग्रेस विधायक दल की बैठक : सिंहदेव के पत्र से आहत हैं कई विधायक - चौबे

रायपुर, 17 जुलाई छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के विधायक दल की बैठक में विधायकों ने मंत्री टीएस सिंहदेव के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से इस्तीफे के तरीके पर प्रश्न सवाल खड़ा किया है। राज्य के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने रविवार को कहा कि विधायक उनके इस्तीफे से आहत हुए हैं।

रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में कांग्रेस विधायक दल की बैठक करीब दो घंटे चली। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में चौबे ने कहा कि अधिकांश विधायकों ने सिंहदेव के त्यागपत्र पर सवाल उठाया है।

चौबे ने कहा, ''माननीय महाराज साहब (टीएस सिंहदेव) ने जिस तरीके से पत्र लिखा है, कांग्रेस के अधिकांश विधायकों ने उस पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। पत्र में उन्होंने विभाग छोड़ने की जो बात कही है तथा उसमें उन्होंने जिन बिंदुओं का उल्लेख किया है उससे अधिकांश विधायक अपने खुद को आहत महसूस कर रहे हैं।''

मंत्री ने बताया, ''कांग्रेस विधायकों ने पार्टी के राज्य प्रभारी पीएल पुनिया के सामने अपनी बात रखी। वह आलाकमान के प्रतिनिधि हैं, वह हाईकमान में अपनी बात कहेंगे। मैं समझता हूं कि कोई सम्मानजनक ​हल निकलेगा।’’

चौबे ने बताया कि बैठक में सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए होने वाले मतदान पर भी विधायकों से चर्चा की गई।

गौरतलब है कि राज्य में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने शनिवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से इस्तीफा दे दिया था।

मंत्री के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने मुख्यमंत्री निवास में विधायक दल की बैठक बुलाई, जिसमें सिंहदेव मौजूद नहीं थे।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने रविवार को बताया कि आज शाम 7.30 बजे के बाद पार्टी के विधायक दल की बैठक शुरू हुई और दो घंटे से अधिक समय तक चली। बैठक में कांग्रेस के 71 विधायकों में से 64 विधायक पहुंचे थे जिनमें मंत्रिमंडल के सदस्य भी शामिल हैं।

इससे पहले बैठक में अनुपस्थिति के संबंध में फोन पर सवाल करने पर सिंहदेव ने ‘’ से बताया कि वह पूर्वनियोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने गृहनगर और विधानसभा क्षेत्र अंबिकापुर में हैं, इसी वजह से विधायक दल की बैठक में शामिल नहीं हो पाए। हालांकि, उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने के लिए वह सोमवार को रायपुर में होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)