देश की खबरें | कांग्रेस नेतृत्व ने तेलंगाना में सरकार गठन पर चर्चा की, मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा आज

नयी दिल्ली, पांच दिसंबर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने तेलंगाना में सरकार गठन के मुद्दे पर मंगलवार को चर्चा की।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में तेलंगाना में मुख्यमंत्री के तौर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी के नाम पर मुहर लगाई गई है।

रेड्डी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए पहले से ही लगभग तय माना जा रहा था। उन्हें हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत का श्रेय दिया जा रहा है।

खरगे ने पहले पत्रकारों से कहा था कि मुख्यमंत्री पर फैसला आज किया जाएगा।

सूत्रों ने कहा कि रेड्डी को मुख्यमंत्री बनाने निर्णय ले लिया गया है, लेकिन इसे हैदराबाद में तेलंगाना कांग्रेस विधायक दल की बैठक में घोषित किया जाएगा।

राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष से उनके आवास पर मुलाकात की, जहां कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार तथा तेलंगाना के कांग्रेस प्रभारी माणिकराव ठाकरे भी मौजूद थे। इन नेताओं ने तेलंगाना में सरकार गठन की औपचारिकताओं पर चर्चा की।

तेलंगाना में नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायकों की सोमवार को बैठक हुई थी, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता नियुक्त करने के लिए अधिकृत किया गया।

ठाकरे ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की और पार्टी तेलंगाना के नये मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर फैसला करेगी।

शिवकुमार ने यहां कहा, ‘‘हम यहां केवल रिपोर्ट सौंपने आए हैं। इसके अलावा एक पंक्ति का प्रस्ताव है कि (मुख्यमंत्री पर) फैसला पार्टी आलाकमान करेगा।’’

शिवकुमार तेलंगाना में नवनिर्वाचित विधायकों से बात करने और सरकार गठन पर उनके विचार लेने के लिए नेतृत्व द्वारा नियुक्त पार्टी पर्यवेक्षकों में से एक थे।

वह तेलंगाना में सभी नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात कर रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष को दे चुके हैं।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री ने दिल्ली में तेलंगाना के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम कुमार रेड्डी से भी अलग से मुलाकात की, जो राज्य में नई कांग्रेस सरकार में महत्वपूर्ण पद की मांग कर रहे हैं।

रेड्डी ने कहा कि सीएलपी बैठक ने कांग्रेस अध्यक्ष को मुख्यमंत्री सहित नई सरकार के गठन पर निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी फैसला करेगी, उसे वह मानेंगे।

इस बीच, रेवंत रेड्डी हैदराबाद में नवनिर्वाचित पार्टी विधायकों से भी मुलाकात कर रहे हैं।

हैदराबाद में गहन मंथन का दौर जारी है, जहां आज शाम सीएलपी की एक और बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)