नयी दिल्ली, 16 सितंबर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में एनएसयूआई उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने शनिवार को यह घोषणा की।
लवली ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य अलका लांबा, पार्टी की दिल्ली इकाई के पूर्व प्रमुख अनिल चौधरी तथा पूर्व विधायक नसीब सिंह और भीष्म शर्मा नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे।
कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने एक बयान में कहा कि पार्टी ने सभी जिलों और ब्लॉक में डूसू के चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है और एनएसयूआई उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने के वास्ते बैठकें बुलाई गई हैं।
डूसू चुनाव के लिए 26 प्रचारकों के नामों की घोषणा करते हुए लवली ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एनएसयूआई उम्मीदवारों के लिए समर्थन सुनिश्चित करने के वास्ते अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाने की अपील की।
एनएसयूआई ने शुक्रवार के अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी, जिसके तहत विधि अंतिम वर्ष के छात्र हितेश गुलिया को डूसू अध्यक्ष पद पर उम्मीदवार बनाया है।
अभी दहिया को एनएसयूआई ने उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है। वह बौद्ध अध्ययन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं। एनएसयूआई की तरफ से 24 वर्षीय यक्षणा शर्मा सचिव पद की उम्मीदवार होंगी। वह ‘कैंपस लॉ सेंटर’ में विधि अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं।
शुभम कुमार चौधरी एनएसयूआई के संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार होंगे। वह भी बौद्ध अध्ययन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं।
डूसू के चुनाव चार वर्ष के अंतराल के बाद 22 सितंबर को हो रहे हैं। इससे पहले 2019 में चुनाव हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY