देश की खबरें | कांग्रेस नेता सुरेंद्र चौहान शिमला के महापौर निर्वाचित, उमा कौशल होंगी उप महापौर

शिमला, 15 मई कांग्रेस नेता सुरेंद्र चौहान और उमा कौशल को सोमवार को सर्वसम्मति से शिमला नगर निगम का क्रमश: महापौर और उपमहापौर निर्वाचित किया गया।

कांग्रेस ने 11 साल के अंतराल के बाद भारतीय जनता पार्टी को हराते हुए नगर निकाय पर कब्जा जमाया है।

यहां ‘बचत भवन’ में नव निर्वाचित पार्षदों के शपथ लेने के बाद दोनों का चयन किया गया।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विश्वस्त चौहान छोटा शिमला वार्ड से तीन बार पार्षद रहे हैं। कौशल भी टूटीकांडी वार्ड से तीन बार की पार्षद हैं, जबकि उनके पति भी इस सीट से दो बार पार्षद रहे हैं।

शिमला नगर निगम (एसएमसी) में महिलाओं के लिए आरक्षित 17 सीट के मुकाबले 21 महिला पार्षद हैं और कई ने मांग की कि शीर्ष पदों में से एक महिला के पास होना चाहिए।

बचत भवन में जगह की कमी के कारण पार्षदों के समर्थकों और मीडियाकर्मियों के बीच कथित रूप से हाथापाई के कारण महापौर चुनाव प्रभावित हुआ। कांग्रेस ने दो मई को हुए नगर निगम चुनावों में 34 वार्ड में से 24 पर जीत हासिल की थी। भाजपा के खाते में नौ सीट आईं, जबकि एक सीट माकपा ने जीती थी। चुनावों के नतीजों की घोषणा चार मई को हुई थी।

नवनिर्वाचित पार्षदों और मुख्यमंत्री व हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत वरिष्ठ नेताओं की बैठक रविवार शाम और सोमवार सुबह सुक्खू के आधिकारिक आवास ‘ओकओवर’ में हुई।

पार्षदों की राय ली गई और दो शीर्ष पदों के लिए पार्टी प्रत्याशियों के नाम पार्टी आलाकमान को मंजूरी के लिए भेजे गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)