हुबली (कर्नाटक), 12 जनवरी कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पार्टी को ‘‘ओछी राजनीति का प्रवेश द्वार’’ करार दिया है।
उन्होंने कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक दिनेश गुंडू राव की उस टिप्पणी पर यह प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि कथित रूप से आपराधिक पृष्ठभूमि वाले के. एस. मंजूनाथ उर्फ ‘सैंट्रो’ रवि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता हैं।
रवि (51) पर यौन तस्करी, बलात्कार और अत्याचार के आरोप हैं और वर्तमान में वह फरार हैं। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि वह कर्नाटक सरकार के कई मंत्रियों के करीबी हैं।
एक मीडिया रिपोर्ट के हवाले से राव ने ट्वीट किया था, ‘‘रवि ने खुद दावा किया कि वह भाजपा कार्यकर्ता हैं। ऐसे लोग सिर्फ भाजपा में ही हो सकते हैं। भाजपा धोखेबाज, लालची और रिश्वतखोरों से भरी पड़ी है। भाजपा के पाखंडी नेताओं को संस्कृति, रीति-रिवाजों और विचारों के बारे में बात करने का क्या कोई नैतिक अधिकार है?”
बोम्मई ने पत्रकारों से कहा, ‘‘कांग्रेस राजनीतिक रूप से दिवालिया हो चुकी है। दिनेश अच्छी तरह जानते हैं कि उनकी पार्टी में किस तरह के लोग हैं। मैं उनके स्तर तक नहीं गिरूंगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ओछी राजनीति का प्रवेश द्वार है। पहले उन्हें अपना घर दुरुस्त करना चाहिए।’’
बोम्मई ने यह भी कहा कि उन्होंने यह सत्यापित करने के निर्देश दिए हैं कि रवि भाजपा कार्यकर्ता हैं या नहीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY