जयपुर,24 अप्रैल राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 'महंगाई राहत शिविर' का सोमवार को शुरुआत करते हुए कहा कि आम जनता को महंगाई से राहत दिलाना उनकी सरकार का ध्येय है।
उन्होंने दावा किया कि राजस्थान सरकार देश की एक मात्र सरकार है, जिसने महंगाई राहत के लिए एक से बढ़कर एक योजना दी है।
राज्य सरकार के मुताबिक इन शिविरों में मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना व मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना सहित दस महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए पंजीकरण करवाया जा सकता है। शिविर में पात्र आवेदकों को प्रत्येक योजना के लिए एक गारंटी कार्ड दिया जाएगा।
गहलोत ने सोमवार को जयपुर की ग्राम पंचायत महापुरा से ‘महंगाई राहत कैंप’ का उद्धाटन कर इसकी शुरुआत की। उन्होंने महिला लाभार्थियों का पात्रता अनुसार योजनाओं में पंजीकरण करवाकर उन्हें मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड सौंपा। इसके बाद गहलोत ने भांकरोटा स्थित गैस एजेंसी पहुंचकर मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर योजना के लाभार्थियों को सिलेंडर सौंपे।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा,‘‘महंगाई देश और प्रदेश में लोगों को परेशान कर रही है। भारत सरकार की उज्ज्वला योजना तो शुरू हो गई, लेकिन उन (लाभान्वितों) की स्थिति नहीं है कि वे गैस सिलेंडर खरीद सकें, इसलिए हमने तय किया है कि राजस्थान में इनको (लाभान्वितों को) 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिलेगा ताकि उन्हें महंगाई से राहत मिले।’’
गहलोत ने दोहराया कि राज्य सरकार की चिरंजीवी योजना जैसी कई ऐसी योजनाएं ऐसी हैं जिनमें भारत सरकार को (लागू करने के लिए) आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा,‘‘ (इन शिविर में) हम दस गारंटी कार्ड दे रहे हैं, राजस्थान की जनता को, यह हमारी सरकार की गारंटी है कि आप पंजीकरण करवाइए आपको उन दस योजनाओं का लाभ मिलेगा जिसके आप पात्र हैं।’’
गहलोत ने दावा किया,‘‘राजस्थान सरकार देश की एकमात्र सरकार है जिसने महंगाई राहत के लिए एक से बढ़कर एक योजना दी है।’’
महापुरा (जयपुर) में आयोजित महंगाई राहत रैली को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा कि देश महंगाई व बेरोजगारी की मार से जूझ रहा है और आमजन को घर चलाना तक मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे में जनता को राहत दिलाने के उद्देश्य से सरकार की दस जन कल्याणकारी योजनाओं से आमजन को जोड़ने और तुरंत लाभ पहुंचाने के लिए शिविर आयोजित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह का कार्यक्रम (महंगाई राहत शिविर) देश में कहीं और नहीं और उनकी सरकार राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' की थीम पर ही कदम उठा रही है।
उन्होंने से कार्यकर्ताओं से कहा,‘‘ मैं आपसे अपील करना चाहूंगा कि आप शिविरों को कामयाब करने के लिए लोगों तक पहुंचें, उन्हें शिविरों तक भेजें, लोगों की सेवा करें, लोगों की मदद करें जिससे कि उनको महंगाई से राहत मिल सके। ये हमारा ध्येय है।’’
गहलोत ने कहा,‘‘महंगाई और बेरोजगारी पूरे देश में है, युवाओं को नौकरी कहीं मिल नहीं रही। राजस्थान सरकार तो फिर भी एक लाख से अधिक नौकरियां दे चुकी हैं, एक लाख प्रक्रियाधीन हैं। एक लाख और नौकरियां देने की घोषणा कर रखी है।’’
उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में हम 100 ‘मेगा जॉब फेयर’ लगा रहे हैं ताकि निजी क्षेत्र में युवाओं को नौकरियां मिले।
गहलोत ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा,‘‘इस बार आप हमारी सरकार ‘रिपीट’ करो, हम अपनी (जनकल्याणकारी) योजनाओं को और मजबूत करेंगे तथा और नई योजनाएं लेकर आएंगे।’’ उल्लेखनीय है कि राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
महापुरा में गहलोत से संवाद करते हुए लाभार्थियों ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं से उन्हें महंगाई की मार से राहत मिली है।
मुख्यमंत्री ने वहां विभिन्न विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों से योजनाओं की जानकारी लेने के साथ ग्रामीणों से बातचीत की, जहां एक बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री से कहा,‘‘सर आप वेरी गुड हो।’’
गहलोत ने ट्वीट किया,‘‘ कमरतोड़ मंहगाई से निज़ात, महंगाई राहत कैंप का आगाज। बिजली, सिलेंडर और भोजन जैसी चीजों के महंगे होने का दर्द हम समझते हैं। ये कैंप एक ही छत के नीचे तुरंत मंहगाई से राहत व बचत, बढ़त पक्का करेंगे। ये मात्र कैंप नहीं बल्कि आपके सुरक्षित व सम्मानजनक जीवन का आधार बनेंगे।’’
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. महेश जोशी, गृह राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव और राजस्थान खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष बृजकिशोर शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 2000 स्थाई महंगाई राहत शिविर जिला प्रशासन द्वारा राजकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जा रहे हैं। वहीं, प्रत्येक ग्राम पंचायतों व नगरीय क्षेत्रों में दो दिवसीय महंगाई राहत शिविर का आयोजन किया जा रहा है। राज्य में 11,283 ग्राम पंचायतों एवं 7500 वार्डों में क्रमवार दो दिवसीय शिविर का आयोजन होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY