देश की खबरें | आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार : नड्डा

बिलासपुर, 30 जून भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 'भ्रष्टाचार का बादशाह' करार देते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आकंठ भ्रष्टाचार डूबे रहने का आरोप लगाया।

राज्य के बिलासपुर शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए, नड्डा ने कहा कि बघेल सरकार भ्रष्टाचार के अलावा कोई काम नहीं करती है, और सभी भ्रष्ट लोग मुख्यमंत्री से जुड़े हुए हैं।

छत्तीसगढ़ में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में लोगों से भाजपा को वोट देने का आह्वान करते हुए नड्डा ने कहा कि राज्य में भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को हटाना जरूरी हो गया है।

नड्डा ने आरोप लगाया, ''(राज्य के मुख्यमंत्री) भूपेश बघेल जी कोई काम नहीं करते हैं। वह आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। वह भ्रष्ट लोगों के 'बादशाह' बन गए हैं। राज्य में जो भ्रष्टाचार कर रहा है वह उनसे जुड़े हुए हैं।''

उन्होंने कहा, ''बघेल सरकार ने पूर्ववर्ती रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दौरान शुरू किए गए कार्यों और योजनाओं पर अपना लेबल लगा दिया है।''

उन्होंने सभा में आए लोगों से पूछा कि क्या बघेल सरकार ने कोयला परिवहन, शराब, रेत और अन्य क्षेत्रों में भ्रष्टाचार किया है या नहीं, तो लोगों ने इसका ‘हां’ में जवाब दिया।

भाजपा अध्यक्ष ने यह भी पूछा, ''मुख्यमंत्री की उप सचिव पिछले पांच महीने से जेल में हैं या नहीं ।’’

उन्होंने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कहा, ''क्या आप ऐसे भ्रष्ट लोगों को घर बैठाएंगे।''

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए नड्डा ने कहा, ''भारत को मजबूत करने के लिए गरीबों, वंचितों, युवाओं, दलितों और किसानों को सशक्त बनाना होगा और मोदी सरकार ने इसी दिशा में काम किया है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)