नयी दिल्ली, 24 दिसंबर कांग्रेस ने अपने श्रमिक संगठन ‘इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस’ (इंटक) में गुटबाजी खत्म करने और इसकी कार्यप्रणाली में सुधार के मकसद से शनिवार को पांच सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया।
पार्टी के संगठन के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक विज्ञप्ति में बताया कि यह समन्वय समिति इंटक के मामलों पर नजर रखेगी और इस संदर्भ में समय-समय पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को जानकारी देगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तारिक अनवर इस समन्वय समिति के संयोजक बनाए गए हैं। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, सांसद के. मुरलीधरन, सांसद राजमणि पटेल और पूर्व सांसद उदित राज इस समिति में सदस्य नियुक्त किए गए हैं।
वेणुगोपाल ने कहा कि सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए इंटक में गुटबाजी के विवाद को हल करने और संगठन को सुधारने के संदर्भ में विचार करने के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया था जिसमें खरगे और दिग्विजय सिंह शामिल थे। इस समिति की अनुशंसा के आधार पर अब समन्वय समिति गठित की गई है।
उन्होंने कहा कि सदस्यता के रिकॉर्ड और श्रमिक संगठनों के जुड़ाव के मुद्देनजर कांग्रेस संजीव रेड्डी की अगुवाई वाले इंटक के गुट को आधिकारिक इकाई के रूप में मान्यता देती है।
कांग्रेस ने रेड्डी और उनके प्रतिद्वंद्वी गुट के नेता सी एस दुबे से अपील की है कि वे सौहार्दपूर्ण ढंग से मतभेदों को दूर करें और अदालतों में लंबित मामले वापस लें।
वेणुगोपाल ने कहा कि इंटक से कहा जाएगा कि वह जल्द से जल्द संगठन का चुनाव कराये।
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY