चंडीगढ़, 05 अप्रैल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने शासन के दौरान गरीबों को केवल ‘वोटबैंक’ मानती थी, जबकि नरेन्द्र मोदी सरकार ने उनके (गरीबों के) लाभ के लिए कई योजनाएं शुरू की और उनके चेहरों पर मुस्कान लायी।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों का केवल शोषण किया। कांग्रेस ने 'गरीबी हटाओ' का नारा दिया, लेकिन गरीबी उन्मूलन की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह के साथ एक बैठक के बाद सैनी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस ने गरीबों को केवल लॉलीपॉप दिया। लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद वे (कांग्रेस) उनके विकास, उनके हितों के लिए कुछ भी करने में विफल रहे।’’
सैनी ने कहा, ‘‘इसके विपरीत, पिछले 10 वर्षों के दौरान, मोदी गरीबों के चेहरे पर मुस्कान लाये हैं।’’
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ से अधिक भारतीयों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा गरीबों के लिए इतनी सारी योजनाएं शुरू की गई हैं, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी (कांग्रेस की) समस्या यह है कि मोदी गरीबों के कल्याण को लेकर इतने चिंतित क्यों हैं।
सैनी ने विपक्ष पर उसके उन दावों को लेकर निशाना साधा कि सत्तारूढ़ भाजपा हरियाणा में कुछ लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवारों को बदल सकती है और कहा कि वे झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा, ''विपक्ष घबराया हुआ महसूस कर रहा है।''
सैनी ने कहा, "वे (विपक्ष) अपने उम्मीदवार खड़ा करने में असमर्थ हैं और अब वे इस दुष्प्रचार में लिप्त हो रहे हैं एवं झूठ बोल रहे हैं। वे जनता का ध्यान भटकाना चाहते हैं।"
जब हिसार लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला से पूछा गया कि ऐसी अटकलें हैं कि पार्टी उन्हें इस सीट से बदल सकती है, तो उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर ऐसी अफवाहें फैलाते हैं।
रणजीत चौटाला ने बृहस्पतिवार को हिसार में पत्रकारों से कहा कि जब तक चुनाव चलेगा, कुछ लोग ऐसी अफवाहें फैलाते रहेंगे।
भाजपा ने राज्य की सभी 10 लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर दी है, जबकि मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने अभी तक उन नौ सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है, जिन पर वह चुनाव लड़ रही है।
विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल आम आदमी पार्टी (आप) कुरूक्षेत्र सीट से चुनाव लड़ रही है और उसने पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है।
बाद में सिरसा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फतेहाबाद के रतिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी में हर वर्ग का विश्वास बढ़ा है और यही कारण है कि लोग उन्हें बड़े जनादेश के साथ प्रधानमंत्री के रूप में वापस लाना चाहते हैं।
सैनी ने कहा कि ''डबल इंजन'' सरकार द्वारा किए गए कार्यों से गरीबों और अन्य वर्गों को लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी ने जो वादा किया था उसे पूरा किया है।
सैनी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में विभिन्न वर्गों के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने किसानों के कल्याण की दिशा में उठाए गए कई कदमों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार किसान समर्थक है और उसने उनके हितों की रक्षा की है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार 14 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले झूठ फैलाया कि एमएसपी बंद कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और 2047 तक विकसित राष्ट्र का सपना साकार होगा।
उन्होंने सिरसा सीट से भाजपा उम्मीदवार अशोक तंवर को भारी बहुमत से जिताने की लोगों से अपील की।
हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर आम चुनाव के छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY