देश की खबरें | असम में भाजपा का विकल्प कांग्रेस नहीं हो सकती : आप

तेजपुर, दो जुलाई आम आदमी पार्टी (आप) की असम इकाई ने रविवार के कहा कि राज्य में कांग्रेस, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का विकल्प नहीं हो सकती, क्योंकि उसे जनता ने ‘कुशासन और भ्रष्टाचार’ के कारण खारिज कर दिया है।

राज्य में कांग्रेस से दूरी बनाते हुए ‘आप’ ने कहा कि वह ऐसी पार्टी के साथ कोई मंच साझा नहीं करेगी।

‘आप’ के मीडिया समन्वयक जयंत कुमार कलिता ने पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की हुई बैठक के बाद कहा, ‘‘ कांग्रेस, असम में भाजपा का विकल्प नहीं हो सकती है। राज्य की जनता ने कांग्रेस को उसके कुशासन और भ्रष्टाचार की वजह से खारिज कर दिया है।’’

उन्होंने राज्य में विकास की कमी के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों को जिम्मेदार ठहराया।

गौरतलब है कि असम में ‘आप’ और कांग्रेस के साथ ‘समान विचारधारा’ वाले 10 अन्य दल हाल में परिसीमन के मसौदा प्रस्ताव का विरोध करने सहित विभिन्न मुद्दों पर एक साथ आए थे।

कलिता ने दावा किया कि मसौदा प्रस्ताव मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के करीबियों के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने की कोशिश है, जो भले ही किसी भी पार्टी के हों।

उन्होंने कहा कि इससे भाजपा के ‘गुप्त मित्र’ ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) को भी फायदा होगा। कलिता ने कहा, ‘‘कार्यकारिणी ने प्रस्तावित मसौदे के खिलाफ निर्वाचन आयोग में ज्ञापन देने का भी फैसला किया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)