देश की खबरें | अमेज़न के सहयोग से आदिवासी स्कूलों के शिक्षकों के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

नयी दिल्ली, 28 दिसंबर केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्रालय ने अमेजन के सहयोग से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) के शिक्षकों के लिए दो दिवसीय कम्प्यूटेशनल कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम की बुधवार को शुरूआत की।

आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और तेलंगाना जैसे छह प्रदेशों के 54 ईएमआरएस के शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया है ।

अमेजन फ्यूचर इंजीनियर (एएफई)- सीएसआर कार्यक्रम का उद्देश्य कंप्यूटर विज्ञान में उच्च शिक्षा और उपयोगी करियर की खोज में छात्रों की रुचि विकसित करना है। यह कंप्यूटर विज्ञान के बारे में जागरूकता पैदा करने और इसके सीखने की सुविधा के लिए शिक्षकों को आवश्यक संसाधन और सहायता भी प्रदान करता है।

इन छह राज्यों में 54 स्कूलों में एएफई कार्यक्रम को शुरू करना इसका एक मकसद है जहां कंप्यूटर लैब और स्थिर सक्रिय इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित डिजिटल बुनियादी ढांचा मौजूद है ।

पाठ्यक्रम में कंप्यूटर साइंस फंडामेंटल, कोडिंग का परिचय, लॉजिकल सीक्वेंसिंग, लर्निंग लूप्स, ओपन सिक्योर सोर्स प्लेटफॉर्म का उपयोग करके ब्लॉक प्रोग्रामिंग, टेक स्पेस पर चर्चा करने के लिए क्लास चैट सेशन समेत विभिन्न तकनीकी पहल शामिल होंगी।

1997-98 में शुरू की गई एक केंद्रीय क्षेत्र की योजना के हिस्से के रूप में, आदिवासी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में आवासीय विद्यालय बनाए गए हैं।

अब तक, मंत्रालय ने 684 ऐसे स्कूलों को मंजूरी दी है, जिनमें से 378 की शुरूआत हो चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)