आणंद, छह अप्रैल गुजरात के आणंद जिले में एक धार्मिक जुलूस के दौरान तेज संगीत बजाने को लेकर विवाद के बाद दो समुदायों के सदस्यों के बीच हुए पथराव में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पेटलाड ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात पेटलाड शहर के पास बोरिया गांव में हुई।
प्राथमिकी के अनुसार जनता माताजी के जुलूस के दौरान तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर दो समूहों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद तब हुआ जब जुलूस एक मस्जिद के नजदीक से होकर गुजर रहा था।
पुलिस अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए कहा, ‘‘सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तनाव को कम करने की कोशिश की, लेकिन जल्द ही लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया, जिसमें चार से पांच लोग घायल हो गए।’’
पुलिस ने दोनों समुदायों के करीब 100 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 143 (गैरकानूनी सभा), 147 (दंगा), 337 (लापरवाही से जीवन को खतरे में डालना), 504 (सार्वजनिक शांति को भंग करने और हिंसा भड़काने) तथा अन्य प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस संबंध में अब तक किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। गांव में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति अब शांतिपूर्ण है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY