कोहिमा, दो जुलाई सेना की पूर्वी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आर.पी. कलिता ने रविवार को यहां असम राइफल्स गैरीसन में कोहिमा से करगिल तक नगा रेजिमेंट की दूसरी ‘करगिल विजय यात्रा’ को हरी झंडी दिखाई।
पूर्वी सैन्य कमान के ‘जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ’ कलिता ने कहा कि यह ऑपरेशन विजय के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की जाने वाली मोटरसाइकिल यात्राओं में से एक है।
उन्होंने सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन विजय में बहादुर नगा योद्धाओं ने उत्तरी क्षेत्र की रक्षा करते हुए अपनी मातृभूमि की क्षेत्रीय अखंडता बनाए रखने के लिए कुर्बानी दी थी। उन्होंने कहा कि दूसरी नगा रेजिमेंट ने करगिल युद्ध बहादुरी से लड़ा और जीता था।
लेफ्टिनेंट जनरल कलिता ने कहा कि यह शहीदों के सर्वोच्च बलिदान और बहादुरी का जश्न मनाने के लिए एक महान श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल सवार करगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर करगिल पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘यह पूर्वोत्तर क्षेत्र को राष्ट्र के साथ जोड़ने और करगिल युद्ध में भाग लेने वाले नगालैंड के बहादुर सैनिकों के बारे में जागरूकता फैलाने का भी एक प्रयास है।’’
इस अभियान में लेफ्टिनेंट कर्नल सैनी के नेतृत्व में 25 बहादुर मश्कोह (दूसरी नगा रेजिमेंट) योद्धा बाइक के जरिए आठ राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर कोहिमा से करगिल तक 3,700 किमी से अधिक की दूरी तय करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY