ताजा खबरें | तटरक्षक बल ने अपने गठन के बाद से समुद्र में 11,700 से अधिक लोगों को बचाया: संसदीय समिति

नयी दिल्ली, 17 मार्च संसद की एक समिति ने सोमवार को कहा कि भारतीय तटरक्षक बल ने अपनी स्थापना के बाद से, समुद्र में 11,700 से अधिक लोगों को बचाया है जबकि इस अवधि के दौरान बल ने 4,000 से अधिक खोज और बचाव अभियान चलाए हैं।

भाजपा सांसद राधामोहन सिंह की अध्यक्षता वाली रक्षा संबंधी स्थायी संसदीय समिति की रिपोर्ट सोमवार को संसद में पेश की गई।

रिपोर्ट में कहा गया है कि रक्षा मंत्रालय ने एक प्रस्तुति में समिति को तटरक्षक बल की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

रिपोर्ट में, तटरक्षक बल के विभिन्न अभियानों के बारे में सारणीबद्ध आंकड़े शामिल किए गए हैं, जिसके अनुसार भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) द्वारा समुद्र में बचाए गए लोगों की कुल संख्या 11,730 है।

आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि के दौरान 482 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी कारणों को लेकर सुरक्षित निकाला गया, जबकि खोज और बचाव के लिए 4,101 मिशन चलाए गए।

समिति की रिपोर्ट के अनुसार, बल द्वारा चलाए गए तटीय सुरक्षा अभियानों की संख्या 593 थी, जबकि बल ने 52,296.54 करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित सामान जब्त किए।

समिति ने कहा कि भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) बल का गठन तटरक्षक अधिनियम, 1978 के तहत सशस्त्र बल के रूप में भारत के समुद्री क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया गया था।

समिति ने कहा कि उसने 2024-25 के मुकाबले 2025-26 के बजट अनुमान में तटरक्षक बल के पूंजीगत बजट में 42.86 प्रतिशत की वृद्धि के बारे में भी पूछताछ की। इस संबंध में रक्षा सचिव ने कहा कि तटरक्षक बल का पूंजीगत बजट अनिवार्य रूप से बढ़ रहा है, क्योंकि मुंबई हमले के बाद बल ने समुद्री सुरक्षा को मजबूत बनाने की कोशिश की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)