देश की खबरें | मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने किया उडुपी में समुद्री कटाव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

मंगलुरु, एक अगस्त कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को उडुपी जिले में हाल हीं में हुई बारिश के चलते समुद्री कटाव से प्रभावित तटीय इलाकों का दौरा किया।

मुख्यमंत्री पदुबिद्री तटीय इलाके में पहुंचे, जहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है।

संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह समुद्री कटाव की समस्या को लेकर स्थायी समाधान के लिए अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और जिले की 98 किलोमीटर लंबी तटरेखा की रक्षा के लिए कदम उठाएंगे।

उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई बारिश से जिले को लगभग 35 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और वित्त विभाग को आवश्यक राशि जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

उडुपी कॉलेज में शौचालय में गुप्त कैमरे से वीडियो बनाने के मामले में उन्होंने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन और पीड़ित लड़की ने कोई मामला दर्ज नहीं कराया है। उन्होंने कहा,''जांच को खत्म होने दीजिए।''

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कटील के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते। कटील ने राज्य में कांग्रेस सरकार को 'जिहादी' सरकार कहा था। सिद्धरमैया ने कहा,'' नलिन चुटकले सुनाते रहते हैं। मैं उनके बयान पर प्रतिक्रिया नहीं दूंगा।''

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उडुपी जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी हेब्बलकर, मत्स्य पालन मंत्री मनकला वैद्या, उपायुक्त विद्याकुमारी और विधायक गुरमे सुरेश शेट्टी मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)