देश की खबरें | जम्मू कश्मीर, हिमाचल और लद्दाख में बादल फटे, 16 लोगों की मौत

शिमला/जम्मू, 28 जुलाई हिमाचल प्रदेश और केन्द्र शासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर और लद्दाख में बारिश के कारण आई बाढ़ से बुधवार को कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और कई मकानों, खड़ी फसलों और एक लघु पनबिजली संयंत्र को क्षतिग्रस्त कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के एक सुदूर गांव में बुधवार तड़के साढ़े चार बजे बादल फटने से सात लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हुए हैं जबकि पर्वतीय राज्य में अचानक आई बाढ़ में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, दो घायल हो गए और सात लापता हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में कारगिल के विभिन्न क्षेत्रों में दो बादल फटने से एक लघु पनबिजली परियोजना, लगभग 12 मकान और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है।

राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में उदयपुर के तोजिंग नाले में आई बाढ़ में सात लोगों की मौत हो गई, दो घायल हो गए और तीन अभी भी लापता हैं, जबकि चंबा में दो लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि कुल्लू जिले में एक महिला, उसके बेटे, एक जलविद्युत परियोजना अधिकारी और दिल्ली के एक पर्यटक सहित चार लोगों के मारे जाने की आशंका है।

किश्तवाड़ में नाले के किनारे स्थित 19 घर, 21 गौशाला और राशन डिपो के अलावा एक पुल भी बादल फटने से क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि दच्चन तहसील के होन्जर गांव में बादल फटने की जगह से लापता 14 से अधिक लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस, सेना और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) द्वारा तलाशी एवं बचाव अभियान जारी है।

किश्तवाड़ जिले में बादल फटने से हुई जनहानि पर शोक व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि उन्हें कई लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र किश्तवाड़ की स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह से बात की और बादल फटने से पैदा हुए हालात का जायजा लिया।

एक पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘बादल फटने से प्रभावित गांव (किश्तवाड़) से सात शव बरामद किए गए, जबकि 17 अन्य को बचा लिया गया।’’उन्होंने कहा कि 14 लापता लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है और बचाए गए पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)