नोएडा (उप्र), पांच दिसंबर नोएडा में दादरी थानाक्षेत्र के सुपरटेक जार सोसाइटी में जन्मदिन मना रहे लोगों पर 20 से ज्यादा युवाओं ने हमला किया और एक छात्र को कथित रूप से अगवा करने का प्रयास किया। पुलिस ने इस सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस मामले में दादरी थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार एक नामी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के दो गुटों का यह मामला है।
थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि ग्रेटर नोएडा की सुपरटेक जार सोसाइटी में सोमवार को उज्जवल भाटी के घर पर जन्मदिन की पार्टी थी, जिसमें उनके दोस्त और परिचित आए हुए थे।
उन्होंने बताया कि सोसायटी के टावर के बाहर केक काटने के दौरान निकास गेट पर छह-सात गाड़ियों से 20 से ज्यादा युवक आए और उन्होंने लाठी-डंडे से उज्जवल और उसके दोस्तों एवं परिवार के लोगों पर हमला बोल दिया। इसमें उज्जवल और वेदांत घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दादरी थाना क्षेत्र में स्थित एक नामी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले दिल्ली निवासी शांतनु और शिवम के बीच तीन दिन पहले झगड़ा हुआ था। सोमवार को विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले के एक पक्ष के वेदांत आर्यन और यश मिश्रा तथा दूसरे पक्ष के नीतीश भाटी, सुशांत भड़ाना के बीच झगड़ा हुआ था। इसी बात को लेकर सोमवार को दोनों पक्ष के बीच फिर झगड़ा हुआ है।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के पांच छात्रों को हिरासत में ले लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY