देश की खबरें | सीजेआई रमण ने न्यायमूर्ति ललित को उत्तराधिकारी नियुक्त होने पर बधाई दी

नयी दिल्ली, 10 अगस्त भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) एन वी रमण ने बुधवार को न्यायमूर्ति उदय उमेश ललित को अपना उत्तराधिकारी और भारतीय न्यायपालिका का 49वां प्रमुख नियुक्त किए जाने पर उन्हें बधाई दी।

न्यायमूर्ति ललित की नियुक्ति 27 अगस्त से प्रभावी होगी।

पिछले साल 24 अप्रैल को 48वें सीजेआई के रूप में शपथ लेने वाले न्यायमूर्ति रमण अपने 16 महीने का कार्यकाल पूरा करने के बाद 26 अगस्त को सेवानिवृत्त होंगे।

सीजेआई ने गत तीन अगस्त को कानून मंत्रालय से इस आशय का एक पत्र प्राप्त करने के बाद अपने उत्तराधिकारी के रूप में न्यायमूर्ति ललित की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की थी।

शीर्ष अदालत के एक अधिकारी ने एक बयान में कहा, "भारत के प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन. वी. रमण ने न्यायमूर्ति उदय उमेश ललित को भारत के 49वें प्रधान न्यायाधीश नियुक्त होने पर आज बधाई दी और उनकी नियुक्ति 27 अगस्त 2022 से प्रभावी होगी।"

सीजेआई ने न्यायमूर्ति ललित को भारत के प्रधान न्यायाधीश के तौर पर शानदार कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

बयान में कहा गया है, "न्यायमूर्ति रमण ने विश्वास व्यक्त किया कि न्यायमूर्ति ललित बार के साथ-साथ पीठ में अपने लंबे और समृद्ध अनुभव के साथ अपने सक्षम नेतृत्व से न्यायपालिका को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।"

इससे पहले दिन में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 49वें सीजेआई के रूप में न्यायमूर्ति ललित की नियुक्ति के आदेश पर हस्ताक्षर किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)