देश की खबरें | गहलोत के कार्यकाल में पूरे पांच साल 'सर्कस' चला : शर्मा

जयपुर, सात अक्टूबर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पूरे पांच साल 'सर्कस' किया।

शर्मा ने कहा कि गहलोत कई बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और अनुभवी भी हैं, इसलिए उन्हें कोई भी बयान देने से पहले आत्मचिंतन करना चाहिए क्योंकि वे जो मुद्दे अब उठा रहे हैं उन पर वे काम कर सकते थे।

उन्होंने यहां मीडिया से कहा, ‘‘अशोक गहलोत ने पूरे पांच साल सर्कस ही किया है। कभी होटल में, कभी ऐसे ही। इसलिए अब उनको सर्कस ही दिखता है। मैं कहना चाहता हूं, कि आजकल वह ‘एक्स’ पर बहुत बातें लिख रहे हैं। मैं उनको याद दिलाना चाहता हूं कि 10 महीने पीछे चले जाएं। अपनी उन बातों को यादों को भी करें।’’

गहलोत ने रविवार को जोधपुर में मीडिया से बातचीत में कहा था कि राज्य में सरकार नहीं बल्कि सर्कस चल रही है, जहां एक मंत्री इस्तीफा दे रहा है और कोई उसे मनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह से विफल है।

शर्मा ने कहा कि गहलोत कई बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और वे अनुभवी भी हैं। उन्हें कोई भी बयान देने से पहले अपनी तरफ देखना चाहिए।

शर्मा ने कहा, ‘‘क्योंकि वह जिन बातों को कह रहे हैं वह खुद भी उन कामों को कर सकते थे। उनका तो लंबा कार्यकाल रहा है। उनको यह भी सोचना चाहिए कि जो मैं कह रहा हूं, मैं उन पर कितना खरा उतरा हूं। उस पर विचार करना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)