देश की खबरें | कल्याणी एम्स में नियुक्तियों में कथित अनियमितता की सीआईडी ने शुरू की जांच

कोलकाता, दो जून एसएससी नियुक्तियों में कथित गड़बड़ी की सीबीआई द्वारा जांच किए जाने की पृष्ठभूमि में, पश्चिम बंगाल सीआईडी ने बृहस्पतिवार को कल्याणी एम्स में भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सीआईडी जांच मई में सरीफुल इस्लाम नामक व्यक्ति द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने के बाद की जा रही है। इस प्राथमिकी में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार और सांसद जगन्नाथ सरकार सहित आठ भाजपा नेताओं का नाम है।

प्राथमिकी में भाजपा विधायक नीलाद्रि शेखर दाना और बंकिम चंद्र घोष का भी नाम है। आरोप लगाया गया था कि इसमें नामित आठ लोगों ने नादिया जिले के कल्याणी में केंद्र सरकार द्वारा संचालित मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में अपने परिचित लोगों को नियुक्त करने में मदद करने के लिए अपने पदों का दुरुपयोग किया था।

अधिकारी ने कहा कि इन सभी पर आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (आपराधिक विश्वासघात), 120 बी (आपराधिक साजिश), और 34 (एक समान इरादे से कई लोगों द्वारा किए गए कार्य) और भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इस मामले में कुछ और प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं।

कल्याणी पुलिस ने बृहस्पतिवार को मामले से जुड़े दस्तावेज सीआईडी को सौंपे।

सीआईडी अधिकारी ने कहा, “हमने मामले से संबंधित दस्तावेज एकत्र कर लिए हैं। हम यह पता लगाएंगे कि जांच कैसे आगे बढ़ाई जाए। यह बहुत शुरुआती चरण में है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)