कोलकाता, 26 सितंबर इराक के बगदाद से चीन के ग्वांगजू जा रहे इराकी विमान को एक यात्री की अचानक तबीयत खराब हो जाने के कारण आपात चिकित्सा स्थिति में कोलकाता हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यात्री 16 वर्षीय किशोरी थी, जिसे शहर के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि विमान संख्या आईए-473 में 100 यात्री और चालक दल के 15 सदस्य सवार थे।
उन्होंने बताया कि बुधवार की रात करीब 10 बजकर 18 मिनट पर विमान को कोलकाता में स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के प्रवक्ता के अनुसार, हवाई अड्डे पर मौजूद एक मेडिकल टीम ने तुरंत ही यात्री डेरान समीर अहमद का इलाज शुरू कर दिया।
हवाई अड्डे के स्वास्थ्य अधिकारी ने यात्री की जांच की और पाया कि उसकी नब्ज नहीं चल रही है, जिसके बाद किशोरी को जांच के लिए नजदीकी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
बृहस्पतिवार को करीब एक बजकर 18 मिनट पर औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी और उसके दो सहयात्रियों को विमान से उतार लिया गया और उन्हें एंबुलेंस से एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
एएआई अधिकारी ने बताया कि अस्पताल ने बताया कि यात्री को मृत अवस्था में लाया गया था।
अस्पताल के अनुसार किशोरी इराक के बगदाद जिले के सर चिनार थाना क्षेत्र की रहने वाली थी।
विमान बृहस्पतिवार को एक बजकर 49 मिनट पर बाकी यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ।
योगेश रंजन
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY