देश की खबरें | गुरुग्राम में एमएनसी के कानूनी विभाग के प्रमुख पुलिसकर्मी को रिश्वत की पेशकश करते हुए गिरफ्तार

गुरुग्राम, सात सितंबर गुरुग्राम में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी (एमएनसी) के कानूनी विभाग के प्रमुख को एक पुलिसकर्मी को एक लाख रुपये की रिश्वत की पेशकश करते हुए रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ जालसाजी मामले में प्रभारी उप-निरीक्षक ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को रिश्वत की पेशकश के बारे में सूचित किया।

उसने कहा कि कंपनी के कानूनी विभाग के प्रमुख ने जालसाजी मामले में बहुराष्ट्रीय कंपनी (एमएनसी) के आरोपी एक वरिष्ठ अधिकारी की मदद करने के बदले में उप-निरीक्षक को कथित तौर पर रिश्वत की पेशकश की थी।

पुलिस ने बताया कि एसीबी ने बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अतुल सूद के रूप में की गई है, जो एक डच-इतालवी बहुराष्ट्रीय कंपनी का कानूनी विभाग का प्रमुख है।

पुलिस ने बताया कि सूद के खिलाफ एसीबी पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई और बाद में उसे बृहस्पतिवार को शहर की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मुताबिक अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस उपनिरीक्षक द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के अनुसार, कंपनी की एक महिला एचआर प्रमुख ने 2021 में डीएलएफ फेज एक पुलिस थाने में कंपनी के दो प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)