देश की खबरें | मुख्यमंत्री विजयन 12 दिनों की आधिकारिक विदेश यात्रा के बाद केरल लौटे

तिरुवनंतपुरम, 20 जून केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन अमेरिका सहित अन्य देशों के अपने 12 दिवसीय आधिकारिक दौरे के समापन के बाद मंगलवार सुबह प्रदेश लौट आए।

विजयन एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ अमेरिका, क्यूबा और संयुक्त अरब अमीरात के दौरे पर थे।

न्यूयॉर्क की यात्रा के दौरान विजयन ने नौ जून को 'लोक केरल सभा' के क्षेत्रीय सम्मेलन में भाग लिया था, जहां उन्होंने न्यूयॉर्क में अमेरिकी दवा कंपनी फाइजर के प्रमुखों सहित कई लोगों से चर्चा की थी।

उन्होंने 13 जून को वाशिंगटन डीसी में विश्व बैंक के अधिकारियों से भी मुलाकात की।

न्यूयॉर्क में प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजयन ने केरल के प्रगतिशील मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और समान विकास पर प्रकाश डाला था।

उन्होंने पब्लिक स्कूलों, स्वास्थ्य प्रणाली और अन्य क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास और निवेश के साथ-साथ केरल प्रशासन द्वारा प्राप्त आर्थिक विकास को भी रेखांकित किया था।

अपनी अमेरिका यात्रा के बाद विजयन प्रतिनिधिमंडल के साथ क्यूबा के लिये रवाना हुये थे, जहां उन्होंने क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल से मुलाकात की थी।

इस दौरान खेल, स्वास्थ्य और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में क्यूबा और केरल के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई थी।

विदेश दौरे के अंतिम चरण में, विजयन ने केरल स्टार्टअप मिशन (केएसयूएम) के पहले इन्फिनिटी सेंटर का उद्घाटन करने के लिये दुबई की यात्रा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)