गोरखपुर (उत्तर प्रदेश), 19 अक्टूबर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान आम लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और उनकी हर सम्भव सहायता का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान फरियादियों के साथ आये बच्चों को पुचकारा, उनसे पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा और उन्हें चॉकलेट भी दी।
आदित्यनाथ ने कहा, ''धन की कमी की वजह से किसी का इलाज नहीं रुकना चाहिये। सरकार एस्टीमेट (अनुमान) मिलने के बाद जरूरतमंदों के लिये तुरंत वित्तीय सहायता उपलब्ध करायेगी। जनता का स्वास्थ्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में है और जरूरतमंद लोगों के लिये सरकार का खजाना हमेशा खुला है।''
मुख्यमंत्री ने लोगों से बातचीत के दौरान उनके परिवार के लोगों का भी हाल जाना।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आवेदनों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजा और इलाज के खर्च का आकलन कर सरकार को देने का निर्देश दिया।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार की एक व्यथित महिला को रोजगार देने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, "बिहार में भी काम मिल सकता है। अगर नहीं तो हम यहां जरूरतमंदों के लिए रोजगार के अवसर की व्यवस्था करेंगे।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY