रायपुर, चार दिसंबर छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य प्रभारी ओम माथुर और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को राज्य के नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात की।
राज्य के 90 में 54 सीटों पर जीत हासिल कर भाजपा ने पांच साल बाद सत्ता में वापसी की है।
पार्टी के पदाधिकारियों ने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अरुण साव, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह तथा राज्य के लिए पार्टी के सह-प्रभारी नितिन नबीन भी आज शाम यहां पार्टी के राज्य मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में इस अवसर पर मौजूद थे।
नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बातचीत करते हुए माथुर ने कहा कि जनता ने भाजपा पर भरोसा करते हुए आप सभी को छत्तीसगढ़ का भविष्य बनाने का जिम्मा सौंपा है और आप सभी की पहली जिम्मेदारी यही है कि अपनी निर्वाचक जनता और अपने क्षेत्र के विकास के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य की समृद्धि के लिए पहले दिन से ही जुट जाएं।
उन्होंने कहा कि यह सभी नवनिर्वाचित सदस्यों की पहली जिम्मेदारी है कि वे अपने चुनाव के पहले दिन से ही राज्य की समृद्धि के लिए काम करें।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव सह प्रभारी मनसुख मांडविया ने नवनिर्वाचित विधायकों से कहा कि आप सभी अभी से जनता की सेवा के लिए तैयार हो जाएं।
उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास आप पर व्यक्त किया है उस पर सभी को खरा उतरना है। प्रदेश की जनता ने आप पर, आपकी पार्टी पर अपनी उम्मीदें व्यक्त की हैं; जनता उस पर भरोसा करती है जिससे उसे उम्मीद होती है। हमारी जीत जनता के इसी विश्वास का प्रतिरूप है और हमें जनता की उम्मीदों को अपना कर्तव्य समझ कर पूरा करना है।
वहीं लोरमी सीट से विजयी हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अरूण साव ने नवनिर्वाचित विधायकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को भय और आतंक से मुक्त कराने तथा राज्य के समग्र विकास और जनता की बेहतरी के लिए हमें जनादेश मिला है। इस जनादेश को हम सब प्रणाम करते हैं।
छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 54 सीटें जीती हैं। इस चुनाव में कांग्रेस को 35 तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को एक सीट मिली है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY