देश की खबरें | छत्तीसगढ़ शराब ‘घोटाला’ : ईडी को रायपुर के महापौर के भाई की 21 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन का पता चला

नयी दिल्ली, 15 मई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ शराब सिंडिकेट घोटाला मामले में कांग्रेस नेता और रायपुर के महापौर एजाज ढेबर के बड़े भाई अनवर ढेबर द्वारा कथित रूप से अधिगृहीत 21 करोड़ रुपये से अधिक की भूमि का खुलासा किया है।

संघीय जांच एजेंसी ने सोमवार को एक बयान में यह आरोप भी लगाया कि छत्तीसगढ़ राज्य विपणन निगम लिमिटेड (सीएसएमसीएल) के प्रबंध निदेशक अरुण पति त्रिपाठी ने “अनवर ढेबर के कहने पर छत्तीसगढ़ के समूचे शराब तंत्र को भ्रष्ट किया।”

भारतीय दूरसंचार सेवा (आईटीएस) के अधिकारी त्रिपाठी इस मामले में ईडी द्वारा पिछले हफ्ते गिरफ्तार चौथे व्यक्ति हैं। उनके पास राज्य के आबकारी विभाग में विशेष सचिव का भी प्रभार था।

अनवर ढेबर, होटल कारोबारी नितेश पुरोहित और शराब कारोबारी त्रिलोक सिंह ढिल्लों को एजेंसी ने अपनी जांच के तहत हिरासत में ले लिया है। चारों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

एक बयान में प्रवर्तन निदेशालय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के रायपुर व भिलाई तथा मुंबई में हालिया दौर के छापों के फलस्वरूप “एक जेवी (संयुक्त उपक्रम) के नाम पर अपराध की आय का उपयोग करके अनवर ढेबर द्वारा नया रायपुर में अधिग्रहित 53 एकड़ भूमि (21.60 करोड़ रुपये कीमत) का पता लगाया गया।”

एजेंसी ने आरोप लगाया कि यह संपत्ति एफएल-10ए लाइसेंसधारी से अर्जित अपराध की आय को विभिन्न स्रोतों से एक सहयोगी के नाम पर प्राप्त दिखाकर खरीदी गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)