देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : आकाशीय बिजली गिरने से पांच महिलाओं की मौत, छह अन्य घायल

महासमुंद, 29 जुलाई छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से पांच महिलाओं की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गईं। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हादसा जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के घाटकछार गांव में हुआ और आकाशीय बिजली की चपेट में आकर जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान जानकी, लक्ष्मी यादव, बसंती, जमोवती और नोहरमति के रूप में हुई है।

अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस को जानकारी मिली है कि घाटकछार गांव निवासी महिलाएं शुक्रवार दोपहर खेत में काम कर रही थीं, तभी वहां अचानक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर पांच महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गईं।

अधिकारियों के अनुसार, जब हादसे की जानकारी ग्रामीणों को मिली, तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

उन्होंने बताया कि इस घटना में घायल छह महिलाओं को सरायपाली गांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो चुकी है।

इससे पहले, राज्य के जशपुर जिले में बृहस्पतिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे पिता-पुत्र की मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)