देश की खबरें | सुशांत से संबंधित मामले में दाखिल आरोप पत्र में दीपिका, श्रद्धा और सारा के बयान शामिल

मुंबई, पांच मार्च अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से संबंधित मादक पदार्थ मामले में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा दाखिल आरोप पत्र में बॉलीवुड अभिनेत्रियों दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर और सारा अली खान के बयानों को भी शामिल किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एनसीबी ने बॉलीवुड की तीन प्रमुख हस्तियों पादुकोण, कपूर और खान से इस मामले में पूछताछ की थी।

उन्होंने बताया कि सुशांत की महिला मित्र तथा अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके भाई को इस मामले में आरोपी के तौर पर नामजद किया गया है।

एनसीबी ने छह महीने से अधिक समय तक चली जांच के बाद शुक्रवार को यहां एक विशेष अदालत में लगभग 70 हजार पृष्ठों का आरोप पत्र दाखिल किया। इनमें से करीब 50 हजार पृष्ठ डिजिटल प्रारूप में दाखिल किये गए हैं।

अधिकारी ने कहा कि आरोप पत्र में 200 से अधिक गवाहों के बयान शामिल हैं।

आरोप पत्र में अनुज केशवानी और आजम जुम्मन को मुख्य आरोपियों के तौर पर नामजद किया गया है। रिया चक्रवर्ती पर मादक पदार्थ खरीदने, रखने और पैसे देने का आरोप है।

सुशांत (34) का शव पिछले साल 14 जून को बांद्रा स्थित उनके फ्लैट से बरामद हुआ था। इसके बाद बॉलीवुड में मादक पदार्थ के कथित इस्तेमाल को लेकर जांच शुरू की गयी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)