देश की खबरें | चांडी महान नेता थे, जो सबको साथ लेकर चले: राहुल गांधी

मलप्पुरम (केरल), 25 जुलाई कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत ओमन चांडी को याद करते हुए मंगलवार को कहा कि वह “महान नेता” थे, जो अपने दशकों लंबे राजनीतिक सफर में सबको साथ लेकर चले।

चांडी की याद में यहां आयोजित एक सभा में अचानक पहुंचे गांधी ने कहा कि केरल को चांडी जैसे नेताओं की जरूरत है। गांधी पिछले कुछ दिन से यहां पास में कोट्टाकल आर्य वैद्यशाला में आयुर्वेदिक उपचार करा रहे थे।

गांधी ने चांडी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा,‘‘मैंने श्री चांडी के साथ 15-20 वर्ष तक काम किया। मैंने उन्हें कभी किसी के बारे में गलत बात कहते नहीं सुना। उन्होंने एक बार भी मेरे पास आकर किसी की शिकायत नहीं की। मैंने उन्हें कभी केरल के लोगों को बांटने की कोशिश करते नहीं देखा।’’

बेंगलुरू के एक अस्पताल इलाज करा रहे चांडी का 18 जुलाई को निधन हो गया था। वह 79 वर्ष के थे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी ने कहा कि चांडी केरल की जनता के बीच से निकले थे, जैसे समुद्र से लहर निकलती है।

गांधी ने कहा, ‘‘मुझे चांडी के साथ कई वर्षों तक काम करने का अनुभव है। वह मुझसे वरिष्ठ थे और मैं उन्हें ऐसे व्यक्ति के रूप में देखता था जिन्होंने मुझे समझ दी, मुझे दिशा दी। वह मेरे मुकाबले कहीं अधिक अनुभव रखते थे। मैं उन्हें ऐसे व्यक्ति के रूप में देखता था जिसके जरिए मैं केरल के लोगों को समझने की कोशिश कर सकूं।’’

महीनों पहले केरल में अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दिनों को याद करते हुए, गांधी ने कहा कि उस समय गंभीर रूप से बीमार चांडी उनके मना करने पर भी साथ चले।

गांधी ने कहा, “जब ओमन चांडी मेरे साथ चल रहे थे, तो मैं उनका हाथ पकड़ रहा था, उन्हें सहारा देने की कोशिश कर रहा था और पूरे रास्ते में, चांडी-जी मेरे सहारे को अस्वीकार करने की कोशिश कर रहे थे। वह केरल के लोगों के साथ यात्रा में अकेले चलना चाहते थे। वह केरल के लोगों के साथ चलने के लिए किसी की मदद नहीं चाहते थे। जब मैं उनके साथ चल रहा था, तो मैंने मन में सोचा, यह आदमी कितना महान नेता है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)