नयी दिल्ली, 28 जून प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग सुशासन पहल के तहत उन जिलाधिकारियों और अन्य अधिकारियों के साथ वेबिनार आयोजित करेगा, जिन्होंने लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार जीते हैं।
बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशों के अनुसरण में, कार्मिक मंत्रालय के तहत डीएआरपीजी 2023-24 में 12 राष्ट्रीय सुशासन वेबिनार आयोजित करेगा।
इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने डीएआरपीजी को जिलाधिकारियों और अन्य अधिकारियों के साथ वर्चुअल कॉन्फ्रेंस/वेबिनार आयोजित करने का निर्देश दिया है, जिसमें लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार पाने वाले विजेताओं को आमंत्रित किया जायेगा।
इसमें कहा गया है कि वेबिनार हर महीने के आखिरी शुक्रवार को आयोजित किया जाना हैं।
आदेश में कहा गया है कि जून 2023 के लिए राष्ट्रीय सुशासन वेबिनार शुक्रवार को ‘‘समग्र शिक्षा’’ विषय पर आयोजित की जायेगी।
वक्ता उत्तर प्रदेश के चित्रकूट और गुजरात के मेहसाणा के जिलाधिकारी होंगे।
बयान में कहा गया है, ‘‘इन वेबिनार में भारत के सभी जिलों के जिलाधिकारी और प्रशासनिक सुधार सचिव, राज्य प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान और केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, राज्य सरकारों के संबंधित विभागों के अधिकारी भाग लेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY