देश की खबरें | आधुनिक कौशल विकास के लिए केन्द्र-राज्य में बेहतर सहयोग जरूरी: पटनायक

भुवनेश्वर, 20 अप्रैल ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने देश में आधुनिक युग के कौशल विकास के लिए केन्द्र और राज्यों के बीच बेहतर सहयोग की आवश्यकता जताई।

‘ओडिशा कौशल कॉन्क्लेव 2023’ का बृहस्पतिवार को उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास सिर्फ नैतिक जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि अर्थव्यवस्था के विकास की पूर्व-शर्त है।

उन्होंने कहा, ‘‘युवाओं का कौशल विकास मनुष्यों में बदलाव की ओर ले जाता है।’’

पटनायक ने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ओडिशा को केन्द्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकार के विभागों, उद्यमों, शिक्षण संस्थानों और सिविल सोसायटी के बीच समेकित सहयोगात्मक प्रयास किए जाने की जरूरत है, ताकि कौशल विकास के लिए नीतियां और कार्यक्रम तय किए जा सकें और सुनिश्चित किया जा सके कि उन कौशलों की रोजगार बाजार में अच्छी कीमत हो।

यह आशा जताते हुए कि ‘स्किल्ड इन ओडिशा’ (ओडिशा में कौशल विकास प्राप्त) ब्रांड दुनिया भर में चमकने को तैयार है, पटनायक ने कहा कि राज्य ने क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक और डेटा साइंस आदि जैसी भविष्य की प्रौद्योगिकी में युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए ‘नुआ ओडिशा’ नामक नयी योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया है।

उद्घाटन सत्र में स्टील विकास क्षेत्र में कम से कम 20 सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किये गये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)