देश की खबरें | केंद्र ने मणिपुर से दो नए मार्गों पर हेलीकॉप्टर सेवा संचालित करने की अनुमति दी

इंफाल, 14 अगस्त केंद्र सरकार ने मणिपुर सरकार को जातीय हिंसा से प्रभावित राज्य के दो स्थानों से पड़ोसी नगालैंड और मिजोरम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा संचालित करने की अनुमति दे दी है। यह जानकारी एक सरकारी आदेश में दी गई है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) ने चुराचांदपुर-आइजोल और कांगपोकपी/सेनापति-दीमापुर मार्गों के लिए मणिपुर को हेलीकॉप्टर सेवा संचालित करने की अनुमति दी है। आइजोल मिजोरम की राजधानी है जबकि दीमापुर नगालैंड का वाणिज्यिक केंद्र है।

आदेश में कहा गया है, ‘‘असाधारण परिस्थितियों को देखते हुए इन दो नए मार्गों पर परिचालन के कारण प्रति वर्ष 750 उड़ान घंटों की मौजूदा सीमा पार होने की स्थिति में राज्य को अतिरिक्त उड़ान घंटों के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी जाती है। अगर जरूरत हो तो उड़ान घंटों में वृद्धि के लिए विशिष्ट प्रस्ताव गृह मंत्रालय को प्रस्तुत किया जा सकता है।”

कुकी-ज़ो समुदाय के संगठन ‘इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम’ (आईटीएलएफ) ने दावा किया कि जब संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनकी मणिपुर यात्रा के दौरान 30 मई को मुलाकात की थी तब उसने दो नए मार्गों पर हेलिकॉप्टर सेवा की मांग की थी।

मणिपुर में इंफाल से चुराचांदपुर और जिरीबाम तक यात्री हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध हैं।

मणिपुर में लगभग तीन महीने पहले जातीय हिंसा भड़क उठी थी, तब से अब तक 160 से अधिक लोग मारे गए हैं और सैकड़ों घायल हुए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)