ताजा खबरें | अनेक क्षेत्रों में असफल रही है केंद्र सरकार: सपा सांसद

नयी दिल्ली, तीन फरवरी समाजवादी पार्टी के सदस्य नरेश चंद्र उत्तम पटेल ने केंद्र सरकार के अनेक क्षेत्रों में असफल होने का दावा करते हुए सोमवार को कहा कि इस सरकार में किसान और मजदूर परेशान हैं।

उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सदन में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए यह आरोप भी लगाया कि अभिभाषण में देश पर बढ़ते विदेशी कर्ज को कम करने के लिए कोई बात नहीं कही गई।

पटेल ने गत 29 जनवरी को प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देते हुए इस घटना के लिए ‘‘प्रशासनिक कुप्रबंधन’’ और ‘‘लापरवाही’’ को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह प्राकृतिक आपदा नहीं थी, बल्कि सरकार की नाकामी का जीता जागता उदाहरण था। क्या सरकार को नहीं पता था कि भारी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। योजनाएं क्या सिर्फ कागजों पर थीं। आज तक सरकार ने मृतकों की सूची जारी नहीं की है।’’

पटेल ने कहा कि इस सरकार में असफलताओं की लंबी सूची है, शिक्षा भ्रष्टाचार की गर्ज में जा चुकी है और हर प्रतियोगी परीक्षा मजाक बनकर रह गई है।

उन्होंने कहा कि करोड़ों किसान सरकार से आशा लगाए बैठे हैं कि उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी और लाभकारी मूल्य दिया जाएगा, लेकिन वे ठगा महसूस कर रहे हैं।

पटेल ने कहा, ‘‘भाजपा के बड़े बड़े नेता चुनाव में किसानों को लाभकारी मूल्य देने का वादा करते हैं, उनकी आय दोगुनी करने की बात करते हैं, लेकिन आज किसानों के साथ दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है।’’

उन्होंने दावा किया कि देश में मनरेगा मजदूर परेशान हैं और उन्हें समय पर मजदूरी नहीं मिलती।

पटेल ने कहा कि देश में महंगाई बढ़ती जा रही है और भाजपा सरकार ने इसे रोकने के लिए कोई ध्यान नहीं दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘विदेशी कर्ज बढ़ रहा है। इसे कम करने का अभिभाषण में कोई जिक्र नहीं है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)