देश की खबरें | सीडीएस अनिल चौहान एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर में पहुंचे

नयी दिल्ली, 17 जनवरी प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने मंगलवार को यहां एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा किया और कहा कि युवाओं में अनुशासन तथा नेतृत्व की भावना पैदा करने में इसका योगदान अनुकरणीय है।

यह पहली बार है जब किसी सीडीएस ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा किया है। उन्होंने कहा कि एनसीसी अपने आदर्श वाक्य ‘एकता और अनुशासन’ के अनुरूप 17 लाख कैडेट के एक स्वयंसेवी संगठन के रूप में विकसित हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘इस देश के युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और भाईचारे के गुण पैदा करने में इसका योगदान अनुकरणीय है।’’

सामाजिक जागरूकता गतिविधियों में एनसीसी के योगदान को रेखांकित करते हुए जनरल चौहान ने कहा कि पुनीत सागर अभियान के तहत देश भर के विभिन्न जलाशयों से एनसीसी कैडेट ने 200 टन से अधिक प्लास्टिक कचरा एकत्र किया।

उन्होंने कहा कि अभियान में लगभग 13.5 लाख एनसीसी कैडेट ने भाग लिया और लगभग 208 टन प्लास्टिक कचरा एकत्र किया, जिसमें से 167 टन को पुनर्चक्रण के लिए भेजा गया है।

सीडीएस ने उल्लेख किया कि एनसीसी कैडेट ने गांधीनगर में आयोजित रक्षा प्रदर्शनी में भाग लिया और सामरिक मिशन के लिए एक यूएवी सहित उन्नत प्रौद्योगिकी प्रोटोटाइप प्रदर्शित किए। उन्होंने विभिन्न खेल आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कैडेट की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘यह जानकर बहुत खुशी हुई कि एनसीसी के कई पूर्व कैडेट ने सशस्त्र बलों को करियर के पसंदीदा विकल्प के रूप में चुना है। मुझे यकीन है कि उनके साहस की कहानियां आपको सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए और प्रेरित करेंगी।’’

सीडीएस का स्वागत महानिदेशक एनसीसी, लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने किया, जिसके बाद उन्होंने एनसीसी के तीनों अंग-सेना, नौसेना और वायु सेना के कैडेट द्वारा ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का जायजा लिया। इसके बाद सैनिक स्कूल, कपूरथला के कैडेट ने बैंड प्रस्तुति दी।

सीडीएस ने बाद में सभी 17 एनसीसी निदेशालयों के कैडेट द्वारा विभिन्न सामाजिक जागरूकता विषयों को दर्शाते हुए तैयार किए गए ‘फ्लैग एरिया’ का भी निरीक्षण किया। सीडीएस ने हाल में पुनर्निर्मित ‘हॉल ऑफ फेम’ का भी दौरा किया।

एक बयान में बताया गया कि इस वर्ष राष्ट्रीय राजधानी में एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर में देश भर से 2,155 कैडेट भाग ले रहे हैं, जिनमें 710 लड़कियां शामिल हैं। इसमें जम्मू कश्मीर के 114 कैडेट और पूर्वोत्तर क्षेत्र के 120 कैडेट शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)