नयी दिल्ली, दो फरवरी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जालंधर के पुलिस आयुक्त कुलदीप सिंह चहल के खिलाफ उनके चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यकाल के दौरान कथित भ्रष्टाचार और कदाचार के लिए प्राथमिक जांच दर्ज की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सीबीआई ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित के एक संदर्भ पर जांच शुरू की है।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 2009 बैच के अधिकारी चंडीगढ़ में प्रतिनियुक्ति पर थे। उन्हें पिछले साल दिसंबर में केंद्र शासित प्रदेश में उनके तीन साल के कार्यकाल के पूरे होने के 10 महीने पहले ही अपने मूल कैडर पंजाब में वापस भेज दिया गया था।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल को लिखे पत्र में चहल की समय से पूर्व वापसी और हरियाणा कैडर के एक आईपीएस अधिकारी को प्रभार सौंपे जाने पर हैरानी जताते हुए कहा था कि यह केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के संचालन में राज्यों के बीच के संतुलन को बिगाड़ने वाला है।
पुरोहित ने कहा था कि मान ने चहल की मूल कैडर वापसी पर उन्हें लिखने से पहले “तथ्यों का पता नहीं” लगाया था।
राज्यपाल ने कहा था कि उनके खिलाफ कदाचार की शिकायतें मिलने के बाद अधिकारी को उनके मूल कैडर में वापस भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने चहल को हटाने के अपने फैसले के बारे में 28 नवंबर को पंजाब के मुख्य सचिव को भी अवगत कराया था।
पुरोहित ने एक दिन बाद मान को एक पत्र लिखा था। मान ने चहल को पद से समय से पहले वापस भेजे जाने के बाद चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का प्रभार हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी को दिए जाने पर सवाल उठाया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY