पुणे, 30 जुलाई केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पुणे स्थित भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के दो पूर्व अधिकारियों और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ खरीद की प्रक्रिया के दौरान कथित रूप से संस्था के साथ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया है।
एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि आईआईटीएम के एक पूर्व वैज्ञानिक एवं एक पूर्व वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी और मुंबई स्थित एक निजी कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं निदेशक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़े | कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती.
दोनों पूर्व सरकारी कर्मियों ने 2011 से 2018 के बीच खरीद प्रक्रिया के दौरान अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित रूप से षड्यंत्र रचा और नियमों का उल्लंघन किया।
सीबीआई की एक विज्ञप्ति में बताया गया है इन दोनों पूर्व अधिकारियों ने सफर-पुणे के लिए 12 ‘एलईडी डिस्प्ले बोर्ड’ समेत ‘डिजिटल डिस्प्ले’ प्रणाली की आपूर्ति और मरम्मत के लिए निर्धारित खरीद प्रक्रिया का उल्लंघन कर और बोली लगाने वाले अन्य लोगों को मामूली आधार पर अयोग्य करार देकर मुंबई की एक निजी कंपनी को ठेका दिया।
इसमें बताया गया है कि दोनों ने सफर परियोजना के लिए अधिक दाम पर घटिया और सस्ते डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड खरीदकर निजी आपूर्तिकर्ता को कथित रूप से अनुचित लाभ दिया, जिससे आईआईटीएम को काफी नुकसान हुआ।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि धारा 420 (धोखाधड़ी) समेत आईपीसी की प्रासंगिक धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण कानून की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY