देश की खबरें | सीबीआई कानूनी तरीके से कर रही अपना काम, आप को संविधान पर भरोसा नहीं: भाजपा

नयी दिल्ली, 27 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन करने को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा और कहा कि सीबीआई ‘भ्रष्ट’ लोगों के खिलाफ कानूनी तरीके से काम कर रही है, लेकिन ऐसा लगता है कि राजधानी की सत्तारूढ़ पार्टी को कानून, संविधान और लोगों पर भरोसा नहीं है।

अब वापस ले ली गई आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामले में सिसोदिया को चार मार्च तक सीबीआई रिमांड पर भेजे जाने के बाद भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने संवाददाताओं से कहा कि अपने ‘नाटक’ और ‘अराजकता’ के प्रदर्शन के जरिए आप ने संकेत दिया है कि वह जांच एजेंसियों को अपना काम नहीं करने देगी।

उन्होंने कहा कि यह न्याय की प्रक्रिया में बाधा डालने और अदालत की अवमानना के समान है।

भाजपा प्रवक्ता ने आप को ‘अराजक, आपराधिक पार्टी’ करार दिया और आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संविधान को नष्ट करने की शपथ ली है।

उन्होंने कहा कि न तो केजरीवाल कानून का पालन करते हैं और न ही वह भ्रष्टाचार में शामिल अपने मंत्रियों को बर्खास्त करते हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि आप सरकार में मंत्री सत्येन्द्र जैन को अभी तक जमानत नहीं मिली है, क्योंकि अदालतों का मानना है कि उनके खिलाफ आरोप गंभीर हैं।

सीबीआई की एक विशेष अदालत ने सिसोदिया को आबकारी घोटाला मामले में गिरफ्तारी के एक दिन बाद सोमवार को चार मार्च तक केंद्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में भेज दिया।

आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शराब की बिक्री से संबंधित अब रद्द की गई आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)