देश की खबरें | एम्स की नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा में पेपर लीक मामले में सीबीआई ने दो को गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, 16 जून केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)- दिल्ली की ओर से तीन जून को आयोजित नर्सिंग अधिकारी भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक छापेमारी जारी है तथा कई और आरोपी पकड़े जा सकते हैं।

सीबीआई ने एनओआरसीईटी-4 परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में मोहाली स्थित ज्ञान ज्योति प्रबंधन एवं प्रौद्योगिकी संस्थान और एक आरोपी रितु पर मुकदमा दर्ज किया था।

सीबीआई ने नौ जून को प्राथमिकी दर्ज करने के बाद हरियाणा, चंडीगढ़, मोहाली और दिल्ली सहित पांच स्थानों पर आरोपियों के परिसरों और मोहाली में एक परीक्षा केंद्र पर तलाशी ली।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा, ‘‘तलाशी और जांच के दौरान एनवीआर (नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर) जिसमें सीसीटीवी फुटेज, सर्वर लैपटॉप, पहचाने गए उम्मीदवारों के सीपीयू, विभिन्न मोबाइल फोन और संदिग्ध टीएफटी बरामद किए गए। ’’

गौरतलब है कि तीन जून को आयोजित परीक्षा भारत के सभी एम्स और दिल्ली के कुछ अन्य सरकारी अस्पतालों के लिए 3,055 नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती के लिए थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)