देश की खबरें | गुरुग्राम में एक कंपनी के प्रबंधक के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज

गुरुग्राम, नौ दिसंबर गुरुग्राम के सेक्टर 14 में एक निजी कंपनी में काम करने वाली 25 वर्षीय महिला ने अपने वरिष्ठ पुरुष सहकर्मी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि कंपनी में सहायक महाप्रबंधक के तौर पर काम करने वाले आरोपी के खिलाफ महिला पुलिस थाना, पश्चिम में छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है।

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसका वरिष्ठ सहकर्मी बीते कुछ दिन से उसका उत्पीड़न कर रहा था और उसे कार्यालय में बुलाकर गलत तरीके से छूता था।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 354-ए के तहत मामला दर्ज कर लिया।

थाने की प्रभारी निरीक्षक पूनम ने कहा, “हमने प्राथमिकी दर्ज कर ली और तत्थों का सत्यापन कर रहे हैं। आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)