देश की खबरें | सुशांत सिंह और पूर्व मैनेजर की मौत का मामला: मुंबई पुलिस की जांच रिपोर्ट के लिये न्यायालय में याचिका
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, पांच अगस्त अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और उनकी पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में चल रही मुंबई पुलिस की जांच की विस्तृत रिपोर्ट के लिये उच्चतम न्यायालय में बुधवार को जनहित याचिका दायर की गयी।

यह जनहित याचिका अधिवक्ता पुनीत ढांडा ने दायर की है। याचिका में दावा किया गया है कि मौत की दोनों घटनाओं में परस्पर संबंध है, क्योंकि दोनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुयी है।

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 40 लोगों की मौत, 4078 नए केस: 5 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

याचिका में कहा गया है, ‘‘सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु के बाद ही दिशा और सुशांत की मृत्यु के बीच साजिश को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं, क्योंकि दोनों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुयी और दोनों ही अपने पेशेवर जीवन में सफलता की बुलंदियों पर थे।’’

28 वर्षीय दिशा सालियान की आठ जून को मुंबर्इ के मलाड (पश्चिम) में एक रिहाइशी इमाारत की 14 वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गयी थी।

यह भी पढ़े | Mumbai Rains: मुंबई में भारी बारिश के चलते हार्बर लाइन, और सेन्ट्रल रेल सेवा बाधित होने के साथ कई इलाकों में भरा पानी, पुलिस की तरफ से अनुरोध, बहुत जरूरी होने पर ही घरों से निकलें लोग.

इसी तरह, सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को मुंबई के उपनगर बांद्रा में अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले थे। मुंबई पुलिस विभिन्न पहलुओं से इस मामले की जांच कर रही है।

याचिका में कहा गया है कि मुंबई पुलिस की जांच रिपोर्ट के अवलोकन के बाद अगर शीर्ष अदालत इसे संतोषजनक नहीं पाती है तो उसे यह मामला भी केन्द्रीय जांच ब्यूरो को सौंप देना चाहिए।

याचिका में मुंबई पुलिस को यह निर्देश देने का भी अनुरोध किया गया है कि वह सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में जांच कर रही बिहार पुलिस के साथ सहयोग करे।

इससे पहले दिन में शीर्ष अदालत ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती की याचिका पर सुनवाई के दौरान कहा था कि प्रतिभाशाली अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत की सच्चाई सामने आनी ही चाहिए। साथ ही न्यायमूर्ति ऋषिकेश रॉय की एकल पीठ ने महाराष्ट्र और बिहार सरकार के साथ ही सुशांत सिंह राजपूत के पिता कृष्ण किशोर सिंह को निर्देश दिया कि वे अभिनेत्री रिया चक्रवती की याचिका पर तीन दिन के भीतर जवाब दाखिल करें।

सुनवाई के दौरान केन्द्र ने न्यायालय को सूचित किया था कि उसने इस मामले को केन्द्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने की बिहार सरकार की सिफारिश स्वीकार कर ली है।

अनूप

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)