नयी दिल्ली, तीन फरवरी दिल्ली विधानसभा के लिए पांच फरवरी को होने वाले चुनाव का प्रचार सोमवार शाम छह बजे समाप्त हो गया। सोमवार को तीनों प्रमुख दलों के बड़े नेताओं ने मतदाताओं को रिझाने के लिए अंतिम प्रयास के तहत रोड शो, जनसभाएं, पदयात्राएं कीं और बाइक रैलियां निकालीं।
दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए बुधवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू होगा।
आम आदमी पार्टी (आप) अपने वादों और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के प्रति आश्वस्त है। सोमवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन, ‘आप’ नेता अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के निर्वाचन क्षेत्र कालकाजी समेत तीन इलाकों में रैलियों को संबोधित किया।
दिल्ली में 25 साल से ज्यादा समय बाद सत्ता हासिल करने के इरादे से उतरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शहर में 22 रोड शो और रैलियां कीं। सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और पार्टी के कई मुख्यमंत्रियों ने प्रचार किया।
पिछले दो चुनावों में कोई भी सीट जीतने में विफल रही कांग्रेस ने भी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिशें कीं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ने राजधानी में पार्टी की खोई हुई जमीन फिर से हासिल करने के उद्देश्य से कालकाजी और कस्तूरबा नगर में अलग-अलग रोड शो किए।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 13,766 मतदान केंद्रों पर 1.56 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें 83.76 लाख पुरुष, 72.36 लाख महिलाएं और 1,267 ‘तृतीय लिंग’ मतदाता हैं।
आयोग ने दिव्यांग व्यक्तियों के लिए 733 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। आयोग ने कतार व्यवस्था प्रणाली (क्यूएमएस) ऐप भी पेश किया है, जिससे मतदाता मतदान केंद्रों पर भीड़ के बारे में जानकारी ले सकते हैं।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए घर पर मतदान की सुविधा के तहत 7,553 पात्र मतदाताओं में से 6,980 ने पहले ही अपने वोट डाल दिए हैं। 24 जनवरी से शुरू हुई यह सेवा चार फरवरी तक जारी रहेगी।
दिल्ली पुलिस ने सात जनवरी को लागू हुई आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के कथित उल्लंघन के 1,000 से अधिक मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने चुनाव अवधि के दौरान कानून उल्लंघन के विभिन्न मामलों में 33,434 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
चुनाव की तैयारी के लिए आयोग ने अर्धसैनिक बलों की 220 कंपनियां, 19,000 होमगार्ड और 35,626 दिल्ली पुलिसकर्मी तैनात किए हैं।
इसके अतिरिक्त, 21,500 से अधिक मतपत्र इकाइयां और वीवीपैट तैयार किए गए हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY