देश की खबरें | कैब ने ट्रक चालक को टक्कर मारी, मौत

नयी दिल्ली, 22 अगस्त दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में मंगलवार को एक तेज़ रफ्तार कैब ने एक ट्रक चालक को उस वक्त टक्कर मार दी जब वह अपनी गाड़ी का टायर बदल रहा था। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सुबह पांच बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) में आए फोन से दुर्घटना की जानकारी मिली।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “ हमने पाया कि ट्रक को पीछे से तब टक्कर मारी गयी जब ट्रक चालक पंचर हुए टायर को बदल रहा था।”

घायल को एक अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान राम प्रकाश (35) के तौर पर हुई है जो उत्तर प्रदेश में रायबरेली का रहने वाला था।

उन्होंने बताया कि फतेहपुर बेरी थाने में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी गोपाल नारायण मिश्रा (38) को गिरफ्तार कर लिया गया है जो पालम कॉलोनी का निवासी है।

अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी आंख लग गई थी जिस वजह से वह कार पर से नियंत्रण खो बैठा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)