जयपुर, 16 अगस्त राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कांग्रेस नेता राजेश पायलट का अपमान करके भारतीय वायुसेना के बलिदान का अपमान कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश को इसकी निंदा करनी चाहिए।
गहलोत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में यह बात कही।
भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने मंगलवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया था कि ‘‘राजेश पायलट और सुरेश कलमाड़ी भारतीय वायु सेना के उन विमानों को उड़ा रहे थे, जिनसे पांच मार्च, 1966 को मिजोरम की राजधानी आइजोल पर बमबारी की गयी थी।’’
गहलोत ने बुधवार की शाम को सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘कांग्रेस नेता राजेश पायलट भारतीय वायुसेना के वीर पायलट थे। उनका अपमान करके भाजपा भारतीय वायुसेना के बलिदान का अपमान कर रही है।’’ उन्होंने लिखा है, ‘‘इसकी पूरे देश को निंदा करनी चाहिए।’’
दिवंगत राजेश पायलट, कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के पिता हैं। सचिन ने मालवीय के दावे पर पलटवार करते हुए मंगलवार को लिखा था, ‘‘आपके पास गलत तारीखें, गलत तथ्य हैं...हां, भारतीय वायु सेना के पायलट के रूप में मेरे दिवंगत पिता ने बम गिराए थे। लेकिन वह 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान पर, न कि जैसा कि आप दावा कर रहे हैं, पांच मार्च, 1966 को मिजोरम पर।’’
पायलट ने अपने पिता राजेश पायलट के 29 अक्टूबर, 1966 को भारतीय वायु सेना में भर्ती होने का प्रमाण भी साझा किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY