देश की खबरें | बजट मध्यम वर्ग के जीवन में सुधार के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है्: सॉलिसिटर जनरल

नयी दिल्ली, दो फरवरी सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने रविवार को कहा कि केंद्रीय बजट 2025-26 देश के मध्यम वर्ग के जीवन और आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मेहता ने कहा कि बजट ने अर्थव्यवस्था के सभी क्षेत्रों में खपत बढ़ाने और निवेश को बढ़ावा देने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया है। उन्होंने कहा, ‘‘आयकर दरों में किए गए महत्वपूर्ण संशोधन भारत के तेजी से बढ़ते मध्यम वर्ग के जीवन और वित्तीय स्थिति में सुधार लाने के लिए सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बजट को एक ‘बल गुणक’ के रूप में वर्णित किया है जो रोजगार सृजन को और अधिक प्रोत्साहित करके अर्थव्यवस्था के विकास पथ को प्रोत्साहित करेगा और आगे बढ़ाएगा।

सॉलिसिटर जनरल ने कहा, ‘‘बजट प्रस्तावों में भारतीय अर्थव्यवस्था को एक जिम्मेदार वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में बदलने के अगले चरण के लिए वित्त मंत्री द्वारा दिया गया व्यापक और दूरदर्शी खाका प्रतिबिंबित होता है, जिसमें नए युग के क्षेत्रों जैसे इलेक्ट्रिक वाहन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और जीवन रक्षक दवाओं में अत्याधुनिक अनुसंधान और विकास (आरएंडडी) के साथ-साथ जहाज निर्माण और आतिथ्य जैसे पारंपरिक क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दिया जायेगा।’’

मेहता ने यह भी कहा कि असैन्य परमाणु ऊर्जा के विकास के उपाय आने वाले वर्षों में देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘कुल मिलाकर, बजट प्रस्तावों से पता चलता है कि विकसित भारत एक ऐसा विचार है जिसका समय आ गया है और जिसने वैश्विक मंच पर अपना स्थान बना लिया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)