जरुरी जानकारी | बीएसई का लाभ दिसंबर तिमाही में 16 प्रतिशत घटा

नयी दिल्ली, सात फरवरी प्रमुख शेयर बाजार बीएसई का शुद्ध लाभ 31 दिसंबर, 2022 को समाप्त तीसरी तिमाही में 16 प्रतिशत घटकर 51.6 करोड़ रुपये रहा।

बीएसई ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि उसका पिछले वित्त वर्ष (2021-22) की दिसंबर तिमाही में शुद्ध लाभ 61.3 करोड़ रुपये था।

हालांकि, आलोच्य तिमाही में एक्सचेंज की परिचालन आय छह प्रतिशत बढ़कर 204 करोड़ रुपये रही। पिछले वित्त वर्ष इसी तिमाही में यह 192.8 करोड़ रुपये रही थी।

बीएसई के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुंदररमण राममूर्ति ने कहा, ''कुल मिलाकर, बीएसई ने एक चुनौतीपूर्ण बाजार के माहौल में तीसरी तिमाही के परिणाम पेश किए। 2022 बीएसई के लिए बदलाव का समय था। हम नए वित्त वर्ष में एक नई यात्रा शुरू कर रहे हैं। मेरा मानना ​​है कि एक संतुलित व्यापार रणनीति हमें और अधिक विस्तार करने में मदद करेगी।''

इसके अलावा, बीएसई के निदेशक मंडल ने नियामक मानदंडों को पूरा करने के लिए सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (सीडीएसएल) में बीएसई की 2.5 प्रतिशत हिस्सेदारी के विनिवेश को मंजूरी दे दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)