देश की खबरें | बीएसईएस की योजना 50 लाख स्मार्ट मीटर लगाने की, अनुबंध अगले महीने दिये जाने की उम्मीद

नयी दिल्ली, 19 जून बीएसईएस अगले महीने तक 50 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का अनुबंध देगी और परियोजना का जमीनी क्रियान्वयन इस साल के अंत से पहले शुरू होने की संभावना है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।

बयान में कहा गया है कि स्मार्ट मीटर परियोजना पर अनुमानित खर्च 5,000 करोड़ रुपये से 6,000 करोड़ रुपये के बीच होने की उम्मीद है।

इसमें कहा गया है कि अभी निविदा की प्रक्रिया चल रही है और जुलाई तक इसे अंतिम रूप दे दिया जायेगा ।

बयान में कहा गया है कि सितंबर से दिसंबर की अवधि के दौरान इसका जमीनी क्रियान्वयन शुरू होने की उम्मीद है।

बयान में कहा गया है कि सेवा की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए बीएसईएस कई स्मार्ट मीटर निर्माताओं और सिस्टम इंटीग्रेटर्स के साथ साझेदारी कर रहा है।

बयान में कहा गया है कि मोबाइल एप्लिकेशन के साथ एकीकृत स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को उनकी ऊर्जा खपत पर अभूतपूर्व नियंत्रण देकर सशक्त बनाएंगे। इसमें प्री-पेड और पोस्ट-पेड दोनों तरह के विकल्प शामिल हैं।

बयान में कहा गया है कि बीएसईएस दक्षिण, पश्चिम, पूर्व और मध्य दिल्ली में 50 लाख उपभोक्ताओं और दो करोड़ लोगों के लिये विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करती है।

दिल्ली में 58 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)