नयी दिल्ली, तीन जुलाई ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय कारोबार मंत्री निजेल हडेलस्टॉन सोमवार से कोलकाता और ढाका की यात्रा शुरू कर रहे हैं जहां वे ब्रिटिश कंपनियों का कारोबार बढ़ाने के नये अवसर तलाश करने पर चर्चा करेंगे।
ब्रिटिश सरकार के बयान में कहा गया है कि वह (हडेलस्टॉन) पश्चिम बंगाल सरकार के साथ एक संयुक्त सत्र में इलेक्ट्रिक आवाजाही और हरित निर्माण पर गठजोड़ से संबंधित पैकेज की घोषणा करेंगे।
इसमें कहा गया है कि पिछले वर्ष इन दोनों देशों के कारोबार में वृद्धि दर्ज की गई थी। इसमें बांग्लादेश के साथ कारोबार में 50 प्रतिशत और भारत के साथ कारोबार में 45 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई ।
बयान के अनुसार, हडेलस्टॉन ने कहा, ‘‘ ब्रिटेन के भारत और बांग्लादेश के साथ मजबूत एवं टिकाऊ संबंध हैं। पिछले वर्ष में हमारे कारोबार में काफी वृद्धि
दर्ज की गई है। इससे स्पष्ट होता है कि हमारा गठजोड़ नई ऊंचाइयों को छू रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं अपनी पहली आधिकारिक यात्रा का उपयोग इन दोनों देशों के साथ अपनी साझी चुनौतियों को लेकर काम करने की तत्परता प्रदर्शित करने में करना चाहता हूं जिसमें जलवायु परिवर्तन, कारोबारी संबंधों को गहरा बनाने, आर्थिक वृद्धि और रोजगार सृजन जैसे विषय शामिल हैं।’’
भारत और ब्रिटेन अभी महत्वाकांक्षी कारोबार समझौते को लेकर वार्ता कर रहे हैं जिसका मकसद द्विपक्षीय कारोबार को बढ़ाना है।
वहीं, कोलकाता स्थित ब्रिटिश उप उच्चायुक्त निक लो ने कहा, ‘‘ हमारे प्रधानमंत्री कारोबार एवं निवेश को दोगुना करने और हमारी पृथ्वी के टिकाऊ भविष्य एवं सुरक्षा संबंधी 2030 रोडमैप पर प्रतिबद्ध हैं।’’
दीपक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY