नयी दिल्ली, 21 दिसंबर केंद्र सरकार ने मंगलवार को संसद को बताया कि कोविन पोर्टल पर पंजीकृत 1.05 करोड स्वास्थ्यकर्मियों में से 96 लाख से अधिक को कोविड-19 रोधी टीकों की दोनों खुराक लग गई हैं।
स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री भारती प्रवीण पवार ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से अपेक्षा है कि वे वायरस से संक्रमित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एचसीडब्ल्यू) का ब्यौरा रखें।
एचसीडब्ल्यू के टीकाकरण की स्थिति की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘सात दिसंबर, 2021 की स्थिति के अनुसार कोविन पोर्टल पर कुल 1,05,04,137 कोविड-19 स्वास्थ्य परिचर्या कार्यकर्ताओं का पंजीकरण किया गया है, जिनमें से 1,03,85,958 को पहली खुराक प्राप्त हुई है तथा 96,29,532 को कोविड-19 वैक्सीन की दोनों खुराक प्राप्त हो चुकी है।’’
पवार ने कहा कि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कोविड-19 का प्रबंधन करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की मानसिक आरोग्यता में सुधार करने के लिए अनेक कदम उठाए हैं और इसमें टीकाकरण को पहली प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य परिचर्या कार्मिकों के संक्रमण के जोखिम को न्यूनतम करने के लिए संक्रमण से बचाव और नियंत्रण पद्धतियों पर दिशानिर्देशों को राज्यों के साथ साझा करना भी शामिल है।
पवार ने कहा कि राज्यों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कोविड-19 संबंधी कायों के दौरान चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कार्मिकों को समय पर वेतन दिया जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY