देश की खबरें | बोम्मई का ‘उकसाने वाला ट्वीट’ सत्यापित अकाउंट से किया गया, क्या कार्रवाई होगी : अशोक चव्हाण

नागपुर(महाराष्ट्र),21 दिसंबर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने बुधवार को सवाल किया कि सीमा विवाद के बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के कथित तौर पर ‘उकसाने वाले’ ट्वीट को लेकर उनके (बोम्मई के) खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

महाराष्ट्र विधानसभा में यह मुद्दा उठाते हुए राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विवादास्पद ट्वीट एक सत्यापित अकाउंट से किये गये थे। उन्होंने एकनाथ शिंदे-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर बोम्मई को बचाने का आरोप लगाया।

चव्हाण ने कहा कि जब एक ट्विटर अकाउंट में ‘नीला निशान’ लगा होता है, तब इसे सत्यापित और वास्तविक माना जाता है।

कांग्रेस विधायक ने कहा, ‘‘हम इस बात से अवगत हैं कि सीमा विवाद पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने जो बयान दिये थे, वे अब भी (ट्विटर पर मौजूद) हैं। ये टिप्पणियां उकसाने वाली हैं, (उन्होंने) महाराष्ट्र को बदनाम किया है और अकाउंट सत्यापित है। उन्हें बचाने की कोई वजह नहीं है।’’

चव्हाण ने कहा, ‘‘यदि बयान उकसाने वाले हैं, तो हम क्या कार्रवाई कर रहे हैं? हम इसे फर्जी अकाउंट क्यों बता रहे हैं(और कह रहे हैं कि ट्वीट एक असत्यापित अकाउंट से किये गये)। जबकि यह (अकाउंट) सत्यापित और प्रामाणिक है।’’

कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि इन ट्वीट को फर्जी कहने के पीछे क्या आधार है। उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता बोम्मई कर्नाटक-महाराष्ट्र सीमा विवाद पर उकसाने वाले बयान देते हैं, लेकिन शिंदे सरकार खामोश है।

वहीं, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने जवाब में कहा कि बोम्मई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष स्पष्ट किया है कि जिन ट्वीट को लेकर विवाद पैदा हुआ है वे उनके (बोम्मई के) द्वारा पोस्ट नहीं किये गये थे।

फडणवीस ने कहा कि वह इस मुद्दे पर शाह को पत्र लिखेंगे। उल्लेखनीय है कि दशकों पुराने सीमा विवाद को लेकर दोनों राज्यों के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर शाह ने पिछले हफ्ते नयी दिल्ली में बोम्मई और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)