देश की खबरें | बंगाल के भाटपाड़ा में भाजपा नेता अर्जुन सिंह के आवास के बाहर बम फेंके गए, गोलीबारी की गई

कोलकाता, 27 मार्च पश्चिम बंगाल के भाटपाड़ा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं पूर्व सांसद अर्जुन सिंह के आवास के बाहर अज्ञात बदमाशों ने बम फेंके और गोलीबारी की। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हमला बुधवार देर रात हुआ जिसमें एक युवक घायल हो गया।

इसने बताया कि सिंह और उनके करीबी सहयोगियों ने हमलावरों का पीछा किया लेकिन वे मौके से भागने में सफल रहे।

सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर को पुलिस ने जगद्दल थाने में पूछताछ के लिए सिंह को बुलाया था।

सूत्रों ने बताया कि जब वह नहीं आए तो जगद्दल थाने के प्रभारी मधुसूदन मंडल के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम शाम को उनके घर पहुंची।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ‘रैपिड एक्शन फोर्स’ (आरएएफ) के कर्मियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल को इलाके में तैनात किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से कई कारतूस और बम बरामद किये गये।

बैरकपुर के पुलिस आयुक्त अजय ठाकुर ने कहा, ‘‘स्थिति अभी नियंत्रण में नहीं है। इसमें शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा... दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)